Detective Reporter

The Hindi News Paper & News Service's

प्रोफेसर रिज़वान के निधन पर अमुवि में शोक

 

अलीगढ़, 19 अप्रैलः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में अंग्रेजी के सेवानिवृत  शिक्षक प्रोफेसर रिजवान हुसैन का बीते दिवस लखनऊ में निधन हो गया। उनका जन्म फतेहपुर में हुआ था। प्रोफेसर हुसैन ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में अपनी शिक्षा पूरी की, बाद में पचास के दशक के अंत में एएमयू के अंग्रेजी विभाग में शामिल हो गए और तीन दशक से अधिक समय तक विभाग में विशिष्टता के साथ सेवा की।
अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने अंग्रेजी भाषा सिखाने और साहित्यिक सिद्धांत को एक शिक्षण विषय के रूप में कोर्स में शामिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपने व्यापक और विविध अध्ययन के लिए प्रसिद्ध प्रोफेसर हुसैन छात्रों के बीच बेहद लोकप्रिय थे और अपनी सेवानिवृत्ति के बाद कुछ वर्षों के लिए जामिया मिलिया इस्लामिया में विजिटिंग प्रोफेसर के रूप में अपनी सेवायें दी।
प्रोफेसर हुसैन विश्वविद्यालय में सभी मामलों पर अपने खुले विचारों के लिए भी जाने जाते थे। उन्हें विश्वविद्यालय की अकादमिक परिषद का सदस्य भी चुना गया था।
एएमयू के कुलपति प्रोफेसर तारिक मंसूर ने उनके दुखद निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि विश्वविद्यालय ने एक महान अंग्रेजी विद्वान और एक बहुत अच्छे इंसान को खो दिया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रोफेसर हुसैन का निधन उनके लिए एक व्यक्तिगत क्षति है।
प्रोफेसर हुसैन के परिवार में उनकी पत्नी श्रीमती नजमा, उनके बेटे बज्मी और फहमी और पोते पोतियां शामिल हैं।

Post a Comment

0 Comments