लखनऊ अलीगंज अग्निकांड पर सोशल आर्टिस्ट डॉ. लक्ष्मी ने बनाई पेंटिंग, बेबसी का मंजर किया मोमबत्ती से किया बयां


लखनऊ के अलीगंज में कोचिंग सेंटर वाली इमारत में भीषण आग लगने से कई मासूम बच्चों और बेजुबान जानवरों की दर्दनाक मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे और पीड़ितों की चीख-पुकार को सोशल आर्टिस्ट डॉ. लक्ष्मी ने मोमबत्ती की लौ से बनाई अपनी एक अनोखी पेंटिंग के जरिए कैनवास पर उतारा है। इस कलाकृति के माध्यम से उन्होंने हादसे का शिकार हुए बच्चों को श्रद्धांजलि दी है।

सोशल आर्टिस्ट डॉ. लक्ष्मी ने कहा, मैं समाज को जागरूक करने के लिए ज्वलंत मुद्दों पर पेंटिंग बनाती हूँ। हाल ही में लखनऊ में जो भयानक हादसा हुआ, उसपर मैंने यह पेंटिंग बनाई है। इस पेंटिंग के जरिए मैंने वहाँ की चीख-पुकार और बच्चों की दर्दनाक मौत के मंजर को दिखाने की कोशिश की है।
डॉ. लक्ष्मी ने हादसे की भयावहता का जिक्र करते हुए बताया, "बच्चे अपनी जान बचाने के लिए बेहद बेबस थे। इमारत में वेंटिलेशन की कोई व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण पूरी बिल्डिंग में धुआं भर गया। बच्चे बाहर नहीं निकल पाए और दम घुटने की वजह से कई बच्चों की बेहद दर्दनाक मौत हो गई। कुछ बच्चों ने केबल के सहारे लटककर तो कुछ ने छत और खिड़कियों से छलांग लगाकर किसी तरह अपनी जान बचाई।हादसे में केवल इंसानी जान ही नहीं गई, बल्कि इमारत में स्थित पेट शॉप के बेजुबान जानवर भी आग की चपेट में आ गए। उन्होंने बताया, "वहाँ पिंजरों में बंद बिल्लियाँ और कुत्ते जो हिल भी नहीं पा रहे थे, उनकी भी इस आग में झुलसकर मौत हो गई।

घटनास्थल के बाहर का दृश्य याद करते हुए उन्होंने कहा, "सबसे ज्यादा बेबसी उन माता-पिता की थी, जो कोचिंग सेंटर के बाहर खड़े थे। उन्हें पता था कि उनके बच्चे अंदर आग में जल रहे हैं, लेकिन चाहकर भी वे उनके लिए कुछ नहीं कर पा रहे थे।

डॉ. लक्ष्मी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समाज और प्रशासन को चेताते हुए अपील की, "जितने भी कोचिंग सेंटर संचालक हैं या जो लोग ऐसी भीड़भाड़ वाली जगहों के लिए इमारतें किराए पर लेते हैं, वे सुरक्षा मानकों का ध्यान रखें। साथ ही माता-पिता भी अपने बच्चों का एडमिशन कराने से पहले यह जरूर देख लें कि उस बिल्डिंग में कम से कम दो निकास द्वार (गेट) हों। अगर इस इमारत में दो गेट और सही वेंटिलेशन होता, तो मासूम बच्चों को अपनी जान नहीं गंवानी पड़ती।

डॉ लक्ष्मी (सामाजिक आर्टिस्ट)

Post a Comment

0 Comments