ज़ाकिर भारती:-
उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर। लखनऊ में तैनात आईपीएस आशुतोष मिश्र की मां इंद्रा देवी की शनिवार रात लूट के बाद हत्या कर दी गई। उनके मुंह में कपड़ा ठूसा हुआ था उनके शरीर से जेवरात भी गायब थे।
हत्या के बाद लुटेरों ने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। अयोध्या रेंज के डीआईजी सोमेन बर्मा तथा पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बदमाशों को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए।
यह है पूरा मामला
मालीपुर के धवरुआ मजरे रूढ़ा गांव के रहने वाले आईपीएस आशुतोष मिश्र वर्तमान समय लखनऊ में आवास निर्माण प्रभारी पद पर कार्यरत हैं जहां पर गजाधरनाथ मर्यादा नाम से इंटर कालेज संचालित है।
शनिवार को स्वतंत्रता दिवस पर आशुतोष अपनी मां इंद्रा देवी के साथ स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए थे। विद्यालय में अपनी मां के साथ कार्यक्रम में शामिल होकर आशुतोष मिश्र देर शाम छह-सात बजे लखनऊ लौट गए थे।
स्कूल में अधूरे वायरिंग के कार्य को पूरा कराने के लिए इंद्रा देवी यहीं रुक गई थी। रात में दस बजे लखनऊ से आशुतोष मिश्रा ने अपनी मां से फोन पर बात भी की थी। रविवार की सुबह छह बजे फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठा। सुबह लगभग नौ बजे घर काम करने वाली पियारी देवी पहुंची।
मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था। वह दरवाजा खोल अंदर बरामदे में पहुंची तो इंद्रा देवी अपने तख्त पर नहीं थी। वह पुकारती अंदर गई तो इंद्रा देवी हाल में बेड पर पड़ी थीं। उनके मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था। शरीर में कोई हरकत नहीं हुई ताे सूचना पड़ोसी राम नायक को दी। वह मौके पर पहुंचे और उनके मुंह से कपड़ा निकाला।
इसकी सूचना आईपीएस आशुतोष मिश्र को दी गई। दोपहर करीब एक बजे वह घर पहुंचे। उनके शरीर से सोने की चेन, कंगन, कुंडल, अंगूठी समेत अन्य आभूषण गायब थे। हाथ में इंजेक्शन लगाने का एक निशान दिखा इसके अलावा शरीर पर भी खरोंच के निशान थे।
एसपी प्राची सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक डा. तेजवीर सिंह, क्षेत्रधिकारी अनूप सिंह, थानाध्यक्ष शशांक शुक्ल पहुंचे। बारीकी से घटनास्थल का निरीक्षण किया।
शाम करीब छह बजे अयोध्या जोन के डीआईजी सोमेन बर्मा ने पहुंच घर के अंदर व छत पर चढ़कर निरीक्षण किया। आईपीएस पुत्र आशुतोष मिश्र की तहरीर पर पुलिस लूट व हत्या का केस दर्ज किया है। एएसपी हरेंद्र कुमार ने इसकी पुष्टि की है।
आईपीएस आशुतोष मिश्रा की अलीगढ़ में तैनाती रही उसके बाद बाराबंकी एसपी रहे प्रशासन के बाद पुलिस मुख्यालय लखनऊ में तैनात हैं।
0 Comments