भीम आर्मी के अध्यक्ष चंद्रशेखर रावण कीअलीगढ़ पहुँचने की सूचना, चप्पे-चप्पे पर पुलिस नज़र

 

अलीगढ /आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के हाथरस और अलीगढ पहुँचने की सुचना से हड़कंप मचा हुआ है | उनके आने की सूचना पर गभाना टोल प्लाजा व मेडिकल कालेज में कड़े सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं।  अधिकारियों के साथ भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। वहीं मेडिकल में भी पुलिस बल तैनात है। पुलिस की घेराबंदी के चलते चंद्रशेखर की कोई लोकेशन नहीं मिल पा रही है। सिकंदराबाद पुलिस ने अपने यहां से उनके निकल जाने की पुष्टि की है और बताया कि जब उनकी गाड़ी को घेरा गया, तो वे उतर कर किसी और वाहन में सवार होकर अलीगढ़ के लिए निकल गए। वहीँ , चंद्रशेखर के बस से पहुँचने की सूचना भी है |

वहीं, पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कह दिया है कि अब आजाद को अलीगढ़ नहीं जाने देना है  और न ही उन्हें आगे हाथरस की ओर जाने देना है। इधर बड़ी संख्या में भीम आर्मी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी गभाना टोल के निकट पहुंच गए हैं। चंद्रशेखर के आने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। कोई कह रहा है कि वह बाइक से आ रहे हैं, तो किसी का कहना है कि वो बस में सवार होकर आ रहे हैं। पुलिस हाइवे के साथ-साथ खैर रोड पर भी चेकिंग कर रही है। अवंतिका कॉलोनी पूर्व मंत्री महेन्द्र सिंह के आवास को भी पुलिस ने घेर रखा है । 

दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों से मिलने जा रहे हैं आजाद-

मालूम हो कि हाथरस में 14 सितंबर को एक दलित युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की शर्मनाक घटना हुई थी। चंद्रशेखर आज पीड़ित युवती के परिजनों से मिलने के लिए हाथरस जा रहे हैं। चंदपा थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई इस घटना के बारे में पीड़िता ने मजिस्ट्रेट को दिए अपने बयान में कहा था कि चार युवकों ने उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और विरोध करने पर उनका गला घोंटने की कोशिश की, जिसमें पीड़िता की जीभ कट गई।


उन्होंने बताया कि पीड़िता ने चारों आरोपियों की पहचान संदीप, रामू, लवकुश और रवि के रूप में की थी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि संदीप को घटना के दिन ही गिरफ्तार कर लिया गया था। बाद में रामू और लवकुश को गिरफ्तार किया गया और  शनिवार को चौथे आरोपी रवि को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि मुकदमा त्वरित अदालत में चलाया जाएगा। पीड़िता को घटना के दूसरे दिन अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। वह वेंटिलेटर पर है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

Post a Comment

0 Comments